Wednesday, August 1, 2018

बनारस पुलिस और दिल्ली महिला आयोग ने मिलकर 18 लड़कियों को दिल्ली के मैदानगढ़ी से मुक्त कराया



शहज़ाद अहमद - नई दिल्ली
छुड़ाई गयी लड़कियों में 16 नेपाल और 2 पश्चिम बंगाल की
1 महिला और 2 पुरुष गिरफ्तार किये गए हैं
 बनारस पुलिस की अपराध शाखा ने 23 जुलाई 2018 को 18 लड़कियों और महिलाओं को नेपाल से दिल्ली तस्करी करने और उनको खाड़ी देश भेजने की एफआईआर दर्ज की थी| बनारस पुलिस दिल्ली आई और उन्होंने मैदानगढ़ी में छापा मारा जहाँ इन लड़कियों को कैद करके रखा गया था| उन्होंने इसकी सूचना दिल्ली महिला आयोग को दी| सूचना पर दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल मौके पर पहुँचीं| उस घर से 68 पासपोर्ट जब्त किये गए जिनमें 61 नेपाली और 7 भारतीय थे|
आयोग की अध्यक्षा स्वाति मालीवाल और सदस्या किरण नेगी ने उन लड़कियों से बात की| उन्होंने पहले तो बात करने से मना किया मगर उनकी काउन्सलिंग करने के बाद उन्होंने बात की| उन्होंने बताया कि उनको नौकरी दिलाने के नाम पर दिल्ली लाया गया था| उन्होंने बताया कि उनमें से 16 लड़कियां नेपाल से और 2 लड़कियां पश्चिम बंगाल से हैं| उन्होंने बताया कि वे लोग बहुत गरीब हैं और नेपाल के भूकंप प्रभावी क्षेत्रों से आते हैं| उनमें से ज्यादातर ने भूकंप में अपने घर और परिवार वालों को खो दिया है| छुड़ाई गयी लड़कियों की उम्र 18 से 30 साल के बीच है|
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने उनको शेल्टर होम भेजने के इंतज़ाम किये| अब वह इन लड़कियों को वापस भिजवाने के लिए नेपाली दूतावास से बात कर रही हैं| स्वाति मालीवाल ने नेपाली दूतावास से इन लड़कियों को नेपाल में ही नौकरी दिलाने का अनुरोध किया है|
दिल्ली महिला आयोग की अध्यक्ष ने कहा, “दिल्ली मानव तस्करी का अड्डा बन गयी है| दिल्ली महिला आयोग को इन रैकेट के बारे में पता चल जाता है, दूसरे राज्यों की पुलिस को इनके बारे में पता चल जाता है, मगर दिल्ली पुलिस सोती रहती है| बनारस पुलिस ने मुझे बताया कि मैदानगढ़ी के इस घर का इस्तेमाल पिछले कुछ वर्षों से लड़कियों की तस्करी के लिए किया जा रहा है| इस के बारे में स्थानीय पुलिस को कैसे पता नहीं होता? मैंने कई बार राजनाथजी से अनुरोध किया है कि दिल्ली पुलिस की जवाबदेही तय की जाए, मगर वह ऐसा करने में असमर्थ रहे हैं| मैं जानना चाहती हूँ कि ऐसे कौन लोग हैं जिनको लड़कियों के इस अनैतिक व्यापार से फ़ायदा हो रहा है!”

No comments:

Post a Comment

पुरानी कार खरीदने से पहले इन बातों का रखे ख्यालमिलेगी बेहतर डील

भारत में पिछले कुछ सालों में नई कार खरीदने में गिरावट दर्ज गई है, जबकि पुरानी कार खरीदने का चलन बढ़ा है। पुरानी कार खरीदारी के लिए अब आसा...